परोहा में गंगा के भीषण कटाव से दर्जनों एकड़ जमीन नदी में विलीन
राघोपुर प्रखंड के उत्तरी छोर पर गंगा नदी का कटाव पिछले आठ दिनों से शुरू है, जिससे कटाव वाले इलाके जहांगीरपुर पंचायत के परोहा गांव के लोगों में आशियाना छिनने का भय सताने लगा है। रविवार को गांव के सैकड़ों लोगों ने सरकार व प्रशासन द्वारा कटाव निरोधी कार्य न करने से नाराज होकर कटाव स्थल पर जमकर नारेबाजी की।
लोगों ने जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार से अविलंब कटावरोधी कार्य करने की मांग करते हुए कहा कि अगर सरकार द्वारा कटाव निरोधी कार्य नहीं कराया गया तो लोग आंदोलन करने पर विवश होंगे। गंगा किनारे बसे जहांगीरपुर पंचायत के परोहा गांव में पिछले आठ दिनों से गंगा नदी द्वारा कटाव हो रहा है।
जिससे पंचायत के लगभग 15 एकड़ से अधिक उपजाऊ जमीन गंगा के पेट मे चली गई। साथ ही कटाव की रफ्तार देखते हुए गांव के लगभग दर्जनों घरों को नदी में विलीन होने का खतरा मंडराने लगा है। स्थानीय अर्जुन राय व रंजीत कुमार ने बताया पिछले आठ दिनों से कटाव हो रहा है, जिसमें 10 एकड़ से ज्यादा फसल लगी जमीन नदी में चली गई। बताया अब घर के नजदीक कटाव आ गया है, जिससे घर से विस्थापित होने का भय है।
तीन साल पहले हुआ कटाव निरोधी बांध भी कटा
प्राप्त जानकारी के अनुसार तीन वर्ष पहले परोहा कटाव स्थल के पास कटाव रोकने के लिये बालू भरी बोरिया बांध कर कटाव निरोधी कार्य किया गया था।जिसमे ठेकेदार द्वारा सिर्फ बालू में बोरिया भर कर खानापूर्ति कर दी गई थी, लेकिन उसके बाद कोई ध्यान नहीं दिया गया।
इससे इस बार कटाव में वो बांध भी नदी में समा गया।परोहा वार्ड 10 के समरेश राय ने बताया कि तीन साल पहले कटाव निरोधी कार्य हुआ था।लेकिन उस समय ठेकेदार द्वारा सिर्फ खानापूर्ति कर दी गई थी जिससे इस बार वो बांध भी कटाव में कट गया। इस दौरान कटाव स्थल पर अर्जुन राय, गनौर राय, समरेश राय, रंजीत कुमार ,सीता देवी ,गीता देवी , लालू राम ,सजीवन राय, हजारी राय ,विद्या राय सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/36lc1tg
कोई टिप्पणी नहीं