भगवानपुर के पढ़ौती गांव के ठाकुरबारी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर शास्त्रीय संगीत का आयोजन
भगवानपुर प्रखंड के पढ़ौती गांव स्थित प्राचीन ठाकुरबारी में आयोजित तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी समारोह की दूसरी रात बुधवार को शास्त्रीय संगीत का आयोजन हुआ। तेजी से उभर रही किशोर शास्त्रीय संगीत गायिका कुमारी दुर्गा ने वर्षा से जुड़े ललित रागों, बनारसी ठुमरी और मिर्जापुरी कजरी की रसपूर्ण प्रस्तुतियों से श्रोताओं को आनंद विभोर कर दिया।
देवी राधा की वंदना से प्रारंभ कर गायिका दुर्गा ने मियां मल्हार विलंबित एकताल में निबद्ध बड़ा ख्याल ‘ए घन घुमार छायो’ और त्रिताल में छोटा ख्याल ‘बलमा जाओ न जाओ प्यारे’ की भावपूर्ण प्रस्तुति खूब सराही गई। मंद्र सप्तक और मध्य सप्तक के पूर्वांग में खिलती लायकारी खासकर अवरोह में कोमल निषाद का प्रयोग अद्भुत बन पड़ा। इसके बाद राग देश विलंबित एक ताल में निबद्ध बंदिश ‘ए री सखी सावन आयो’ तथा द्रुत तीन ताल में निबद्ध छोटा ख्याल ‘रिमझिम रिमझिम बरसे रे’ के परवान चढ़ने के साथ ही आसमान में छाए बादल सुखद पुरवा की झकोर के साथ बरस पड़े। फिर श्रोताओं के अनुरोध पर दुर्गा ने बनारसी ठुमरी और मिर्जापुरी कजरी की रसपूर्ण प्रस्तुति से माहौल को आनंद से सराबोर कर दिया गया।
भक्तिभाव में पूरी रात सराबोर रहे श्रोता
लोकप्रिय गायक अधिवक्ता सुरेश कुमार ने भगवान श्रीकृष्ण एवं महादेव के भजन, विभिन्न ठाट वाली ठुमरी और बनारसी तथा मिर्जापुरी कजरी की भावपूर्ण अदायगी से सबका मन मोह लिया। राग देश कहरवा ताल में सजी कजरी बंसुरिया बाजि गई वृंदावन और राग मिश्र पहाड़ी तीन ताल में प्रस्तुत ठुमरी बंसुरिया अब न बजाओ श्याम में कृष्ण की बांसुरी के सम्मोहक स्वरूप के विभिन्न आयामों की विलक्षण अदायगी ने रसिक श्रोताओं को मस्त कर दिया। हारमोनियम पर दुर्गा थी।
तबले पर राज्यपाल द्वारा पुरस्कृत बिहार पुलिस के नामी कलाकार अर्जुन सिंह तथा उनके शिष्य राकेश कुमार ने सधी लयकारी, चक्करदार, टुकड़ों और तरानों की विलझण प्रस्तुति के साथ सधी संगत से संगीतमय शाम को यादगार बना दिया। आयोजन समिति के प्रसून कुमार मिश्र, शांतेश्वर उपाध्याय, आचार्य पं. दिनेश मिश्र, श्याम बिहारी लाल तथा यमुना मिश्र ने कलाकारों को सम्मानित किया। श्रोताओं में सच्चिदानन्द दूबे, अरविन्द उपाध्याय, संगम उपाध्याय, अजीत मिश्र, अंकित मिश्र, मुरारी यादव आदि ने कलाकारों की खूब सराहना की।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/31QS0ra
कोई टिप्पणी नहीं