नवजात की मौत पर नर्सिंग होम में हंगामा, परिजन बोले-लापरवाही हुई है
कचहरी-घंटाघर रोड स्थित सृष्टि नर्सिंग होम में सुरखीकल की पूजा देवी की सर्जरी से हुए प्रसव के बाद नवजात की मौत पर परिजनों ने रविवार को जमकर हंगामा मचाया। सभी ने डॉक्टर-नर्सों से दुर्व्यवहार किया। सूचना पाकर पहुंची आदमपुर पुलिस ने परिजनों को शांत कराया। इसके बाद अस्पताल और परिजनों के बीच समझौता हुआ।
महिला की सर्जरी का पूरा खर्च अस्पताल के उठाने और पहले से जमा कराए 8 हजार रुपए वापस करने की बात पर मामला शांत हुआ। तब शाम 6 बजे परिजन नवजात का शव लेकर गए। हालांकि महिला का नर्सिंग होम में ही इलाज हो रहा है। परिजनाें का आराेप है कि सर्जरी से पहले तक नवजात जिंदा था।
नर्सिंग होम संचालिका डॉ. संगीता मेहता का कहना है कि पिछले साल भी पूजा सदर अस्पताल से रेफर होकर आई थी। गर्भ में नवजात की मौत हो चुकी थी। इस बार भी सप्ताह भर पहले बुलाया था, लेकिन परिजन समय पर उसे लेकर नहीं आए। बच्चे की धड़कन नहीं मिल रही थी। मामले में आदमपुर पुलिस ने कोई एफआईआर नहीं दर्ज की है।
क्या है मामला
सुरखीकल के राेशन कुमार यादव ने गर्भवती पत्नी पूजा देवी की जांच 7 दिसंबर को सृष्टि नर्सिंग होम में डॉ. संगीता मेहता से कराई। डाॅक्टर ने 8 दिसंबर को जरूरी जांच रिपोर्ट के साथ बुलाया। पर परिजन नहीं आए। शनिवार रात पूजा को दर्द उठा तो रविवार सुबह 7 बजे परिजन उसे डाॅक्टर के पास ले गए। परिजनाें ने बताया, नर्साें ने बताया था कि बच्चे का मूवमेंट हो रहा है। सर्जरी करनी होगी। दाेपहर 12.10 बजे सर्जरी के बाद रोशन को ओटी में ले जाकर बताया कि नवजात मृत था। इसके बाद दर्जन भर से ज्यादा लाेगों ने हंगामा शुरू कर दिया।
महिला की जांच 7 दिसंबर को की थी। उसे 8 को फिर बुलाया था। लेकिन वे लोग नहीं आए। उसके पति का कहना था कि डिलीवरी का समय दिसंबर के आखिर में है। इसलिए समय से पहले सर्जरी से बच्चे को खतरा होगा। इसलिए वे लोग नहीं आए। दर्द ज्यादा होने पर वे पहुंचे। पहले ही उन्हें बताया था कि नवजात की धड़कन नहीं मिल रही है। परिजनों की सहमति से सर्जरी हुई। फिर भी उन्होंने हंगामा किया। पिछली बार भी सदर अस्पताल से रेफर हाेकर महिला आई थी। उस वक्त भी नवजात की गर्भ में माैत हाे चुकी थी। -डॉ. संगीता मेहता, नर्सिंग हाेम संचालक
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3mfWIH4
कोई टिप्पणी नहीं