नगर निगम बदलेगा कचरा उठाव का सिस्टम
पटना नगर निगम की ओर से बड़े कूड़ा उत्पादक इकाइयों को चिन्हित व वर्गीकृत करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के तहत कूड़ा उत्पादन को कम करने की योजना तैयार की गई है। इसके तहत बड़े कूड़ा उत्पादकों को अपने स्तर पर कूड़ा निस्तारण के लिए प्रेरित करने का निर्णय लिया गया है।
नगर निगम की ओर से निजी आवासों से कूड़ा के उठाव की व्यवस्था पर जोर दिया जा रहा है। ऐसे में बड़े उत्पादकों को अलग किए जाने की स्थिति में निगम पर दबाव भी कम होगा। निगम प्रशासन ने साफ किया है कि 20 किलोग्राम प्रतिदिन से अधिक गीला कचरा का उत्पादन करने वाले संस्थानों को अपने कैंपस में कंपोस्ट पिट को लगवाना होगा। इससे कैंपस में ही उसका निस्तारण कराना संभव होगा।
कूड़ा उत्पादकों का सर्वेक्षण कराएगा निगम
पटना नगर निगम बल्क वेस्ट जेनरेटर बाइलॉज 2020 को अब अमलीजामा पहनाते हुए जमीन पर लागू करने की कार्रवाई की जा रही है। निगम प्रशासन की ओर से कूड़ा उत्पादकों का सर्वेक्षण कराया जाएगा। इसके लिए विशेष रूप से कार्ययोजना तैयार की गई है।
तमाम संस्थानों को नगर निगम से इस संबंध में प्रमाण पत्र लेना होगा। अगर संस्थान कचरा के निस्तारण की व्यवस्था अपने स्तर पर नहीं करेगा तो निगम प्रशासन की ओर से उनसे अतिरिक्त शुल्क की वसूली की जाएगी। इसके लिए भी प्रावधान किया जा रहा है।
नगर निगम के अधिकारी तमाम संस्थानों का सर्वेक्षण कर अपनी रिपोर्ट देंगे। अगर कोई संस्थान खुद को बल्क वेस्ट जेनरेटर नहीं घोषित करेगा तो नगर निगम की ओर से उन्हें इस संबंध में नोटिस दिया जाएगा। इसके बाद भी इस संबंध में कार्रवाई नहीं होने पर संस्थानों पर दंड भी लगाया जाएगा।
चार वर्गों में किया गया विभाजित
नगर निगम प्रशासन की ओर से चार वर्गों में कूड़ा उत्पादकों को विभाजित किया गया है। तमाम संस्थानों को वर्गीकृत करने के बाद नगर निगम की ओर से उन्हें बल्क वेस्ट जेनरेटर के रूप में परिभाषित किया जाएगा। इनसे कूड़ा उठाव की व्यवस्था में भी बदलाव किया जाएगा। निगम प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि ऐसे तमाम संस्थानों को इस संबंध में अपनी घोषणा करनी होगी। बल्क वेस्ट जेनरेटर बाइलॉज के तहत 20 किलो से अधिक हर रोज कूड़ा का उत्पादन करने वाले संस्थानों को चिह्नित किया गया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3pyydXs
कोई टिप्पणी नहीं