पंचायत समिति की बैठक नियमित रूप से नहीं कराने को लेकर जताई नाराजगी
बगहा-1 प्रखंड सभागार में बीडीओ कुमार प्रशांत ने सभी पंचायत समिति सदस्यों के साथ बैठक की। प्रखंड प्रमुख ललिता देवी व उप प्रमुख सुशीला देवी भी बैठक में उपस्थित रहीं। पदस्थापन के बाद पंस सदस्यों के साथ हुई अपनी पहली बैठक पर सबसे औपचारिक परिचय प्राप्त किया तथा आश्वस्त किया कि ग्रामीण विकास की योजनाओं का क्रियान्वयन सामूहिक सहयोग से पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाएगा। विभिन्न पंचायतों में संचालित योजनाओं के बारे में उन्होंने जानकारी ली। बीडीओ ने कहा कि वे सबसे सहयोग की उम्मीद रखते हैं, ताकि विकास का समुचित लाभ सभी लोगों को मिल सके। पंस सदस्यों ने भी अपनी समस्याओं को रेखांकित करते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ सभी क्षेत्रों में समान रूप से नहीं मिल पा रहा है।
योजना के क्रियान्वयन में समानता व निष्पक्षता का अभाव रहा है। अपने अपने क्षेत्र व पंचायत की जानकारी साझा करते हुए पंस सदस्यों ने ऐसी प्रवृत्ति पर रोक लगाने की अपील की। पंचायत समिति की बैठक नियमित रूप से आयोजित नहीं किए जाने को लेकर भी पंस सदस्यों ने नाराजगी जताई तथा निर्धारित नियमों के तहत उचित समय से बैठक आयोजित करने की मांग की, ताकि जन समस्याओं के निराकरण में पंस की भूमिका प्रभावशाली बन सके।
विकास योजनाओं का क्रियान्वयन सामूहिक सहयोग से किया जाएगा
बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे बिचौलिए, की जाएगी कार्रवाई : बीडीओ
बीडीओ ने कहा कि बिचौलिए के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। योजनाओं का क्रियान्वयन व जन समस्याओं का निराकरण पूरी तत्परता के साथ की जाएगी, ताकि लोग दलालों के चक्कर में नहीं पड़ें। बीडीओ ने अपने मोबाइल नंबर पर किसी भी समस्या के बाबत बेहिचक सूचित करने की अपील पंस सदस्यों से की।
त्योहारों में करें समुचित सहयोग
बीडीओ ने कहा कि कोरोना महामारी से निबटने तथा मोहर्रम पर्व पर शांति व सद्भाव कायम रखने में पंस सदस्यों से सहयोग की अपील की। बैठक में जयप्रकाश यादव, इजहार सिद्दीकी, राजन ठाकुर, चुन्नू पांडेय, रमेश ठाकुर, लालसा देवी, मोतीलाल साह, अशोक साह, सर्वजीत पटेल, संजू देवी, विन्दा देवी, गायत्री देवी, रेखा राम, शेषनाथ साह, रामाधार राम, अंतिमा देवी, मुनीब यादव, आशिष गाईन आदि पंसस व प्रतिनिधियों ने अपने अपने विचार रखे।
बिचौलिओं की गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए उठी आवाज , कहा- स्थिति बदलने की है उम्मीद
बैठक के दौरान पंसस प्रतिनिधि अंजार अहमद, श्यामजी यादव, दिनेश राव आदि ने कहा कि प्रखंड में दलाली चरम सीमा पर पहुंच गर्ई है। ज्यादातर कार्य बिचौलिए के माध्यम से ही निबटाए जा रहे हैं। वे स्वयं किसी जन समस्या के बाबत प्रखंड कार्यालय आते हैं तो अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो पाती है। जरूरतमंद लोग बिचौलियों का सहारा लेने के लिए बाध्य हो जाते हैं। इन लोगों ने उम्मीद जताई कि नए बीडीओ के कार्यकाल में यह स्थिति बदलेगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3hBZPaT
कोई टिप्पणी नहीं