विवादित जमीन पर घर बनाने से रोकने गए पुलिसवालों पर हमला, एएसआई का सिर फटा
भागलपुर जिले के नवगछिया में विवादित जमीन पर घर बनाने से रोकने गई पुलिस टीम पर हमला किया गया। पुलिसवालों को ईंट, पत्थर और लाठी से मारा गया। मारपीट में एएसआई का सिर फट गया। वहीं, पांच सिपाही चोटिल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है।
घटना भवानीपुर थाना क्षेत्र के बलहा गांव की है। यहां एक जमीन को लेकर मुनेश्वर सिंह और सुनील कुमार दास के बीच विवाद चल रहा है। सुनील विवादित जमीन पर घर बना रहा था, जिसे रोकने के लिए मुनेश्वर कोर्ट चले गए और जमीन पर धारा 144 लग गई। इसके बाद भी सुनील ने घर बनाना जारी रखा। शिकायत मिलने पर भवानीपुर थाना के थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने मौके पर एएसआई सुभाष यादव और 5 सिपाहियों को भेजा।
जान बचाकर भागे पुलिसवाले
शनिवार रात करीब 9:30 बजे पुलिस टीम सुनील के घर पहुंची और उसे निर्माण कार्य रोकने के लिए कहा। इस दौरान विवाद हो गया। सुनील के पक्ष के लोगों ने पुलिसवालों पर हमला कर दिया। लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से पुलिस के जवानों को पीटा गया। एक ईंट एएसआई सुभाष यादव से सिर पर लगा, जिससे उनका सिर फट गया।
पुलिस के जवान जान बचाकर भागे और घटना की सूचना थानाध्यक्ष को दी। थानाध्यक्ष ने नवगछिया एसपी स्वपना जी मेश्राम को जानकारी दी। एसपी ने रात में सात थाने की पुलिस को बलहा गांव भेजा। पुलिस ने 13 लोगों को हिरासत में लिया है।
कंटेंट: आशीष कुमार
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2DW61fa
कोई टिप्पणी नहीं