राज्यपाल बोले- नये उद्योग लगाने में मदद देगी सरकार ताकि रोजगार के अवसर बढ़ें
राज्यपाल फागू चौहान ने विधानमंडल के दोनों सदनों के संयुक्त अधिवेशन को संबोधित करते हुए गुरुवार को नई सरकार की रूपरेखा पेश की। कहा कि युवाओं में उद्यमिता को बढ़ावा दिया जाएगा। बेहतर तकनीक प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाएगी जिससे उन्हें रोजगार उपलब्ध हो सकेंगे। राज्य में औद्योगिक प्रोत्साहन नीति-2020 लागू करने के साथ ही कैपिटल सब्सिडी देने का प्रावधान किया गया है। अपराध, भ्रष्टाचार और सांप्रदायिकता के विरुद्ध सरकार की नीति जीरो टॉलरेंस की है। विपक्ष के शोरगुल और माले के समानांतर भाषण के बीच राज्यपाल ने मात्र 13 मिनट में अभिभाषण पूरा किया।
शिक्षा में गुणात्मक सुधार और गांव-गांव में स्वास्थ्य की बेहतर उपलब्धता सुनिश्चित कराएंगे : राज्यपाल
राज्यपाल फागू चौहान ने विपक्ष के शोरगुल-टोकाटोकी और माले के समानांतर भाषण के बीच सेंट्रल हॉल में चार पेज का अभिभाषण मात्र 13 मिनट में पूरा किया। माले सदस्य सत्यदेव राम जोर-जोर से समानांतर भाषण पढ़ते रहे। उनके भाषण के समर्थन में विपक्षी सदस्यों ने बेंच पीटकर साथ दिया। इस दौरान राज्यपाल ने कहा कि जनता ने विकास के नाम पर सरकार को चुना है।
पिछले 15 वर्षों में बिहार की विकास दर दो अंकों में रही है। कई विकास योजनाओं की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि बिना किसी भेदभाव के लोगों की मदद की जा रही है, जिसमें केंद्र सरकार का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के गुणात्मक स्तर में सुधार लाने के लिये सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
गांव-गांव तक लोगों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर सुविधाओं की बेहतर उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाएगी। राज्य में जैविक खेती को बढ़ावा दिया जाएगा और कृषि उत्पादन और उत्पादकता को और बढ़ाने की व्यवस्था की जाएगी। हर घर नल का जल, घर तक पक्की गली-नाली और हर घर शौचालय जैसी सभी योजनाओं के रखरखाव के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी।
कोरोना काल में सरकार के काम की सराहना की
कोरोना काल में सरकार के काम की सराहना करते हुए राज्यपाल ने कहा वैक्सीन उपलब्ध होते ही टीकाकरण की व्यवस्था की जाएगी। एक लाख से अधिक जांच प्रतिदिन किए जा रहे हैं। सभी प्रकार के राहत कार्यों पर 10 हजार करोड़ से अधिक रुपए खर्च किए गए।
दूसरे राज्यों से लौटे राशन कार्ड विहीन मजदूरों को 3 महीने के लिए मुफ्त अनाज दिए गए। 85 लाख परिवारों को मुफ्त एलपीजी गैस सिलेंडर दिए गए। अन्य राज्यों में फंसे 20.95 लाख लोगों को सीएम राहत कोष से 1000 रुपये प्रति व्यक्ति की दर से दिया गया।
लालू के संबंध में मांझी के कथन का किया विरोध
राजद ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव द्वारा विधानसभा का सदस्य नहीं रहते सदन में बैठने के प्रोटेम स्पीकर जीतन राम मांझी के कथन का विरोध किया है। गुरुवार को राज्यपाल के अभिभाषण की समाप्ति के बाद सदन में राजद विधायक आलोक मेहता और ललित यादव ने यह सवाल उठाते हुए सदन की कार्यवाही से इसे निकालने की मांग की। इसके लिए राजद के कई सदस्य वेल में आ गए और हंगामा करने लगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/36eBPHH
कोई टिप्पणी नहीं