नीतीश सदन के और तेजस्वी विपक्ष के नेता, आज विस में सिर्फ राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विधानसभा में सदन के नेता होंगे जबकि तेजस्वी यादव विपक्ष के नेता। विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने गुरुवार को सदन में इसकी घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने सत्र के लिए पीठासीन सदस्यों और कार्य मंत्रणा समिति के सदस्यों की भी घोषणा की।
विधानसभा अध्यक्ष कार्य मंत्रणा समिति के अध्यक्ष होंगे जबकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद व रेणु देवी, संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, उर्जा मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव, कांग्रेस विधायक दल के नेता अजीत शर्मा इसके सदस्य होंगे।
जबकि माले के महबूब आलम, भाजपा के रामप्रवेश राय, एआईएमआईएम के अख्तरुल ईमान, हम के अनिल कुमार और वीआईपी के राजू सिंह इसके विशेष आमंत्रित सदस्य होंगे। स्पीकर ने पांच विधायकों को अध्यासी सदस्य मनोनीत किया है।
आज विस में सिर्फ राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा
शुक्रवार को विधानसभा में सिर्फ राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा होगी। यह जानकारी विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने दी। उन्होंने बताया 27 नवंबर को सदन के लिए निर्धारित प्रश्नोत्तर व अन्य मदों से संबंधित कार्य नहीं लिए जाएंगे। शुक्रवार को राज्यपाल के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर वाद-विवाद और सरकार का उत्तर होगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/39mzY5k
कोई टिप्पणी नहीं