निमकी मुखिया सीरियल के तेतर सिंह के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट, पूछताछ के लिए कई बार बुलाया गया पर नहीं आए
चर्चित टीवी सीरियल निमकी मुखिया में तेतर सिंह का किरदार निभाने वाले विजय सिंह के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ है। यह गिरफ्तारी वारंट महिला थाना पुलिस ने लिया है। विजय सिंह मूलरूप से पटना के टेक्स्ट बुक काॅलोनी के रहने वाले हैं। फिलहाल, वे मुंबई में रहते हैं। विजय सिंह के खिलाफ महिला थाने में उनकी पत्नी नीलिमा कुमारी ने फरवरी माह में मामला दर्ज कराया था।
थानेदार आरती जायसवाल ने बताया कि विजय सिंह पर मामला दर्ज है। कोर्ट में भी केस चल रहा है। उन्हें पूछताछ के लिए कई बार बुलाया गया, लेकिन नहीं अाए। उनके खिलाफ इसी मामले को लेकर गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ है। आगे विधि सम्मत कार्रवाई होगी।
तत्कालीन डीजीपी के आदेश पर महिला थाने में दर्ज किया गया था मामला
मामला फरवरी का है। कालीदास रंगालय में एक नाटक होने वाला था। उस नाटक का उद्घाटन करने तत्कालीन डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय पहुंचे थे। उसी कार्यक्रम में भाग लेने निमकी मुखिया के चर्चित किरदार तेतर सिंह भी पहुंचे थे। इधर, डीजीपी के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही नीलिमा सिंह उनके सामने आकर रोने लगी। उन्हाेंने पति पर आरोप लगाया कि वे मुंबई में दूसरी शादी कर चुके हैं। इसके बाद डीजीपी के आदेश पर विजय सिंह के खिलाफ महिला थाने में मामला दर्ज हुआ।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/34GViyr
कोई टिप्पणी नहीं